महिलाओं के सम्मान पर राजनीति बंद करे भाजपा — मोक्ष कुमार प्रधान महासमुंद / बसना

 महिलाओं के सम्मान पर राजनीति बंद करे भाजपा — मोक्ष कुमार प्रधान



महासमुंद / बसना — बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि महिलाओं के नाम पर राजनीतिक दिखावा बंद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जिस महिला सशक्तिकरण की बात भाजपा कर रही है, उसकी मजबूत नींव करीब 35 वर्ष पहले कांग्रेस सरकार ने रख दी थी

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लिया गया था, जिसने गांव-गांव में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की। यह कदम सिर्फ एक कानून नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में क्रांतिकारी पहल थी

उन्होंने आगे कहा कि आज भाजपा सरकार महिलाओं को गुमराह करने का काम कर रही है। 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष ने समर्थन दिया, लेकिन जिस विषय पर पहले सहमति बन चुकी है, उसे बार-बार नए तरीके से पेश करना सरकार की दोहरी मानसिकता को उजागर करता है

प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए महिला आरक्षण जैसे गंभीर विषय का राजनीतिक उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार सच में महिलाओं के अधिकारों के प्रति गंभीर है, तो उन्हें तुरंत लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, न कि केवल प्रचार-प्रसार तक सीमित रहना चाहिए

वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है। पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कांग्रेस ने ऐतिहासिक फैसले लिए हैं और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा

मोक्ष कुमार प्रधान ने अंत में कहा कि बसना विधानसभा सहित पूरे क्षेत्र की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और वे सिर्फ घोषणाओं से नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत से सरकार का मूल्यांकन करेंगी। भाजपा को चाहिए कि वह महिलाओं को भ्रमित करने के बजाय उनके सशक्तिकरण के लिए ईमानदारी से काम करे, वरना आने वाले समय में जनता इसका करारा जवाब देगी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने