छत्तीसगढ का गौरव "ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र" अभियान-2026

 छत्तीसगढ का गौरव "ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र" अभियान-2026 




रक्षा-सूत्र के लिफाफे 30 जुलाई तक जमा किए जा सकते हैं 

महासमुंद 24 जुलाई 2026/ देश के वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए राज्यभर में "ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र" अभियान 2026 चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन, महिला एवं बाल विकास विभाग व समाज कल्याण विभाग इसके तहत यह अभियान सभी जिलों में आयोजित किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री टिक्वेंद्र जटवार ने बताया कि पूर्व सैनिक महासभा से संचालित इस गैर राजनीतिक और राष्ट्रव्यापी देशभक्ति अभियान के तहत सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए राखी, शुभकामना पत्र और उनके विजय तिलक के लिए छत्तीसगढ़ की पावन मिट्टी संग्रहित की जाएगी। यह सामग्री पूर्व सैनिको द्वारा भारतीय सेना मुख्यालय, नई दिल्ली तक पहुंचाई जाएगी। 
जिसके तहत महिला एवं बाल विकास विभाग महासमुन्द ने जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं, धार्मिक संगठनों और समस्त महासमुन्दवासियो से अपील की है कि एक-एक सिपाही रक्षा सूत्र तैयार करें। प्रत्येक महतारी वंदन की हितग्राही या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एक छोटे लिफाफे में स्वनिर्मित मौली धागा व राखी, सैनिक भाई के नाम शुभकामना पत्र (जिसमें अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर अवश्य लिखें तथा विजय तिलक हेतु छत्तीसगढ़ की एक चुटकी पावन मिट्टी रखकर यह पैकेट तैयार कर सकते हैं। तैयार किए गए रक्षा-सूत्र के लिफाफे 30 जुलाई तक अपने क्षेत्र के निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र, एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय महिला एवं बाल विकास या जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, महासमुन्द में जमा किए जा सकते हैं। यह छोटा सा प्रयास देश के प्रहरियों का मनोबल कई गुना बढ़ाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने