महासमुंद पुलिस को मिला हाईटेक फॉरेंसिक मोबाईल वैन; अब मौका-ए-वारदात पर ही होगी प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच
चलते फिरते वैज्ञानिक प्रयोगशाला के रूप में करेगी कार्य, घटनास्थल में ही सैंपलिंग और टेस्टिंग की सुविधा उपलब्धजघन्य अपराधों में वैज्ञानिक साक्ष्यों, जैविक साक्ष्य की गुणवत्ता और गति दोनों में व्यापक सुधार आएगा
घटनास्थल के दूषित होने से पहले ही सबूत सुरक्षित होने से अपराधियों के विरुद्ध साक्ष्य और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सकेगा
अत्याधुनिक कैमरा एवं सूक्ष्मदर्शी से डाटा विश्लेषण, डाटा रिट्रीव की सुविधा भी उपलब्ध
अपराध अनुसंधान एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन को और अधिक प्रभावी बनाने मे सहायक सिद्ध होगी
जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड से महासमुंद लोकसभा सांसद माननीय श्रीमती रूपकुमारी चैाधरी एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया वेन को रवाना
गंभीर अपराधों की जांच को अधिक सटीक और तेज बनाने के लिए महासमुंद पुलिस अब अत्याधुनिक फॉरेंसिक मोबाइल वैन से लैस हो गई है। यह वैन एक चलते-फिरते वैज्ञानिक प्रयोगशाला (मोबाइल लैब) के रूप में काम करेगी। इस नई तकनीक के आने से अब पुलिस को फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आज रक्षित केंद्र महासमुंद में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में जन प्रतिनिधियों और जिला अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में इस अत्याधुनिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
उक्त 'फॉरेंसिक मोबाइल वैन' चलते-फिरते वैज्ञानिक प्रयोगशाला के रूप में कार्य करेगी, जघन्य अपराधों (जैसे हत्या, लूट और महिला संबंधी अपराध) के मामलों में त्वरित वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन सुनिश्चित करेगी। इसके माध्यम से घटना स्थल के दूषित होने से पहले ही क्रिटिकल डिजिटल और जैविक साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सकेगा, जो अपराधियों को त्वरित सजा दिलाने और पीड़िता को समय पर न्याय दिलाने में मिल का पत्थर साबित होगी। *मानव रक्त परीक्षण, हस्तलिपि परीक्षण, फिंगर प्रिंट, फुट प्रिंट लिफ्ट करने, डाटा रिट्रीव, हैंड राइटिंग प्रायमरी परीक्षण, अत्याधुनिक कैमरा, सूक्ष्मदर्शी से एनालिसिस, इत्यादि कार्य तत्काल किये जा सकते है
फॉरेंसिक मोबाईल वैन को रवाना करने से पूर्व जिला फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी डॉक्टर लवकेश सिंग द्वारा माननीय सांसद एवम उपस्थिति जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों को उक्त अत्याधुनिक फॉरेंसिक वैन का बारीकी से निरीक्षण कराते हुए वैन की उपयोगिता, महत्व एवम कार्यो के बारे मे विस्तार से बताया गया। तत्पश्चात छत्तीसगढ शासन द्वारा प्रदत्त उक्त अत्याधुनिक फॉरेंसिक मोबाइल वैन को, माननीय सांसद महासमुंद लोकसभा श्रीमती रूपकुमारी चैाधरी, जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी श्री हेतराम साहू श्री विनय लंगेह कलेक्टर महासमुंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति प्रतिभा पांडेय, श्री राहुल चंद्राकर कोषाध्यक्ष भाजपा जिला महासमुंद, महासमुंद जिला मिडिया प्रभारी श्री आनंद राम साहूजी की गरिमामयी उपस्थिति में नए फॉरेंसिक मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर जिला मुख्यालय से रवाना किया गया। कार्यक्रम में जिला फाॅरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी महासमुंद डाॅ. लवकेश सिंग, डीएसपी (मुख्यालय) श्री चुन्नू तिग्गा, डीएसपी (यातायात) श्री घनेन्द्र ध्रुव, श्रीमति दीप्ति कश्यप रक्षित निरीक्षक महासमुंद एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे

