पिथौरा में भाजपा नेताओं ने सुनी पीएम मोदी की 'मन की बात'
पीएम ने छत्तीसगढ़ के जल संरक्षण मॉडल और मल्हार की ऐतिहासिक खोज को सराहा
पिथौरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136 वें संस्करण का सामूहिक श्रवण रविवार को पिथौरा में किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का संकल्प दोहराया
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पिछड़ा वर्ग मोर्चा के रायगढ़ जिला प्रभारी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, अजजा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मन्नूलाल ठाकुर, भाजपा महासमुंद जिला कार्यसमिति सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पार्वती निषाद, एल्डरमैन किशोर पटेल, वरिष्ठ कार्यकर्ता इंद्रेश्वर सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी भारतीय सेना ने जो पराक्रम दिखाया, वह हर देशवासी के लिए गर्व का विषय है और राष्ट्र सदैव अपने वीर शहीदों का ऋणी रहेगा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ का विशेष उल्लेख करते हुए प्रदेश की दो प्रेरणादायी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल मल्हार में पांडुवंशी राजा महाशिवगुप्त बालार्जुन के काल की तीन दुर्लभ ताम्रपट्टिकाओं की खोज हुई है, जो भारत के समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई जानकारी प्रदान करती है
इसके साथ ही उन्होंने कोरिया जिले के किसानों की भी प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों ने अपनी लगभग पांच प्रतिशत भूमि पर दो हजार से अधिक डबरियों का निर्माण कर जल संरक्षण का उत्कृष्ट मॉडल विकसित किया है। इससे वर्षा जल का संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और खेती को स्थायी आधार मिला है। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए प्रेरणादायी पहल बताया
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री की 'मन की बात' समाज को सकारात्मक सोच, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करती है। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया
