खेल से अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है - देवेश निषाद
पिथौरा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं - मनमीत छाबड़ा
जिला स्तरीय चार दिवसीय ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ
पिथौरा। नगर में जिला स्तरीय चार दिवसीय ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसका भव्य शुभारंभ शनिवार को किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रीय युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा क्रिकेट संस्कृति को सुदृढ़ करना है
उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा ने की। विशेष अतिथि के रूप में स्काउट के उपायुक्त लक्ष्मीकांत सोनी, पार्षद प्रेमराजन रौतिया, गौरव चंद्राकर, राजाबाबू उपाध्याय एवं रमेश श्रीवास्तव मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश ठाकुर ने किया। समारोह के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया
मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल से अनुशासन, आपसी सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत द्वारा भविष्य में भी खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा
अध्यक्षता कर रहे सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा ने कहा कि पिथौरा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों को जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती हैं
विशेष अतिथि स्काउट के उपायुक्त लक्ष्मीकांत सोनी ने कहा कि खेल और स्काउटिंग दोनों का मूल उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, सेवा भाव एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने, नियमों का पालन करने तथा एक-दूसरे का सम्मान करने का आह्वान किया
मंचासीन अतिथियों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं
इस आयोजन को सफल बनाने में कौशल मानिकपुरी, चिरंजीवी सिन्हा, विकास डड़सेना, रोमन साहू एवं रवि आरके की महत्वपूर्ण भूमिका देखने को मिल रही है
शनिवार को माटीदरहा, पिथौरा एवं पिथौरा ग्रामीण की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं, जहाँ खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी सहयोग का बेहतरीन प्रदर्शन किया


